You are currently viewing Happiness is Free:  तुम ऐसे तो न थे, अब तुम बदल गए हो…!

Happiness is Free: तुम ऐसे तो न थे, अब तुम बदल गए हो…!

शादी के बाद तुम बदल गए हो, अब तुम पहले जैसे नहीं रहे, अब तुम मेरा ध्यान नहीं रखते…अब तुम्हें मैं अच्छी नहीं लगती…क्या अब तुम्हें कोई और अच्छा लगने लगा है ?….अब तुम्हारा behaviour पहले जैसा नहीं रहा…और भी ऐसी कई बातें दिमाग में सोच सोचकर या एक-दूसरे से कह कर हम यूं ही तनाव में आए रहते हैं। असल में शादी का फैसला हरेक के जीवन में एक अहम फैसला होता है। अपनी शादी को लेकर सभी बहुत से सपने बुनते हैं, लेकिन कई बार हम जो सोचते हैं वैसा होता नहीं, शादी के बाद अहसास होने लगता है कि हकीकत और सपनों में बहुत फर्क होता है। तब आपके सपनों का महल जैसे बिखरने सा लगता है। आइए जानते हैं ऐसी वो महत्वपूर्ण बातें जो शादी से पहले अगर समझ जाएं तो बाद में आपके लिए समझना आसान हो जाएगा।

  • चाहे आपके रिश्ते में कितना भी प्रेम क्यों न हो, लेकिन नोक-झोंक होना तो स्वाभाविक है, इस लिए कई बार एक-दूसरे की गलतियों पर माफ करना होता है। रिश्ते की पहली कड़ी ही यही है।
  • हरेक रिश्ता प्रेम और समर्पण मांगता है। रिश्ते में मजबूती और गर्मजोशी बनाए रखने के लिए कई बार आपको अपनी ओर से आगे बढ़ना होता है।
  • शादी से पहले देखे गए सपने कई बार शादी के बाद पूरे नहीं हो पाते, आप अपने पार्टनर से जैसा expect करते हैं शादी के बाद अगर वैसा नहीं हो पाता तो आपको अपने अरमानों का गला घुटता नज़र आता है। इसलिए शादी से पहले सिर्फ वही सपने देखें जिनके सच होने की संभावना हो और हमेशा ये याद रखें कि आपके पार्टनर के पास आपके अलावा भी बहुत सारी ज़िम्मेदारियां हैं।
  • अगर शादी से पहले आप रिलेशनशिप हैं आपका व्यवहार एक-दूसरे के साथ कैज़ुअल है इसमें कोई बुराई नहीं है लेकिन शादी के बाद दोनों की एक-दूसरे से अपेक्षा होती है कि उन्हें सम्मान मिले। इसलिए लड़का हो या लड़की दोनों एक दूसरे का सम्मान करें खासतौर पर एक-दूसरे के परिवारों के सामने भी।

couple-1246314_640

  • शादी के बाद अगर आपका पति आपको समय नहीं दे पा रहा है तो उसे समझने की कोशिश करें, कि अब उन पर और अधिक ज़िम्मेदारियां बढ़ गई हैं, अगर वो अपना ध्यान अपने काम पर फोकस कर रहें हैं तो उनका साथ दें बजाए कि हमेशा शिकायत ही करती रहें।
  • मनमुटाव तो चलता ही रहता है लेकिन रिश्ते में बातचीत ज़रूरी होती है, इसलिए अपने रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए ये ज़रूरी है कि दोनों को ही अपनी तरफ से बात करने के लिए पहल करनी चाहिए।
  • आपके किसी दोस्त या कॉलीग का पार्टनर आपके पार्टनर से अगर ज्यादा अच्छा या अच्छी है तो हमेशा उसकी अच्छाईयां अपने पार्टनर को न जताते रहें…अपने पार्टनर का comparison यदि आप किसी दूसरे से करेंगे तो ज़ाहिर सी बात है कि उसे बुरा लगेगा। याद रखें कि आपके सुख-दुख का साथी आपका पार्टनर ही है न कि कोई और..।
  • कई बार ज़िम्मेदारियों का भार इतना बढ़ जाता है कि आपको आपका रिश्ता बोझिल लगने लगता है, लेकिन यहां आपको समझना चाहिए कि सिंगल रहकर भी आप कोई बहुत अच्छी ज़िंदगी नहीं जी रहे थे। मुश्किलें और ज़िम्मेदारियां तब भी थी। एकाकी जीवन में भागने की बजाए आपको चाहिए कि अपने पार्टनर को समझें, उसे पर्सनल स्पेस दें, उससे बात करें, पहले अपने व्यवहार को बदलें, arguments  करने से बचें, यकिन मानिए आपके घर का माहौल आपको ही अनुकूल बनाना होगा चाहे इसके लिए आपको ही क्यों न झुकना पड़े।
  • आप खुद ही अपने रिश्ते में छोटी-छोटी खुशिया तराश सकते हैं और अपने रिश्ते को खूबसूरत बना सकते हैं, अब ये आपको देखना है उन खुशियों को कैसे लाएंगे।
  • छोटी-छोटी बात पर नाराज़ होना या घर में मुंह बनाए घूमते रहना घर का माहौल भी खराब करता है और आपके रिश्ते में भी दूरियां लाता है। इससे अच्छा है बिंदास और ज़िंदादिल बने, जहां छोटी-छोटी बातों पर आपको कोई फर्क न पड़ता हो। कई बातें इग्नोर भी करनी पड़ती हैं। अपने पार्टनर के पर्सनल स्पेस में धुसने की कोशिश न करें, वो आपका है और आपका ही रहेगा।
  • शादी से पहले आप कैसे भी जल्दबाज़ी में फैसले लेते थे लेकिन शादी के बाद आपकी समझ और आपका धैर्य आपको बुहत कुछ सिखा देता है चाहे घर संभालने का तरीका हो, चीज़े खरीदने का तरीका हो या फिर रिश्तों को जोड़ने का तरीका। तब आपको समझ आता है कि आपका पार्टनर ही आपका सच्चा दोस्त है।
  • ज़िंदगी में उतार-चढ़ाव तो आते रहते हैं लेकिन अगर दोनों में प्यार है तो ऐसे दिन भी आसानी से कट जाते हैं। शादी जैसा पवित्र बंधन एक ऐसा बंधन होता है जहां आपको प्यार, सम्मान, और समाज में इज्जत मिलती है।
  • शादी ही वो बंधन होता है जब आप बेटी या बेटे के आलावा पति, पत्नी, दामाद, बहू, व अन्य रिश्तों के बंधन में बंध जाते हैं और फर्ज़ निभाते हैं।
  • आपकी ओर से दी हुई एक जादू की झप्पी कई मीलों की दूरियां कम कर देती हैं। आपको प्यार जताने के लिए ये ज़रूरी नहीं कि बार-बार सुनाना पड़े। आपके द्वारा की गई केयर और प्यार खासकर आपकी नज़रें आपके पार्टनर को अपनेपन का आभास कराने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं।                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                  संपादकः मनुस्मृति लखोत्रा